बीएसए ने बंद कराए दो अमान्य स्कूल
क्रासर
शहर के सिरवारा रोड पर बगैर मान्यता चल रहे थे विद्यालय
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। बगैर मान्यता संचालित स्कूलों पर कार्रवाई की गाज गिरनी जारी है। बीएसए के नेतृत्व में निकली खंड शिक्षाधिकारियों की टीम ने शहर के सिरवारा रोड स्थित दो विद्यालयों को बंद कराया है। दोनों स्कूल बगैर मान्यता के कई वर्षों से संचालित थे।
बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह के नेतृत्व में नगर खंड शिक्षाधिकारी राकेश पांडेय, लंभुआ खंड शिक्षाधिकारी अश्विनी सिंह व कूरेभार खंड शिक्षाधिकारी सुशील त्रिपाठी ने शहर के सिरवारा रोड स्थित गैलेक्सी स्कूल एवं न्यू बचपन स्कूल को बगैर मान्यता कक्षाएं संचालित करने के आरोप में बंद करा दिया। दोनों विद्यालय कई वर्षों से बगैर मान्यता लिए कक्षाओं का संचालन कर रहे थे। बीएसए ने बताया कि दोनों विद्यालयों के प्रबंधकों ने बगैर मान्यता लिए आगे से कक्षाएं न संचालित करने की बात कही है। बावजूद इसके यदि स्कूल फिर से चलता पाया गया तो संबंधित के विरुद्घ कोतवाली नगर में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी।