सुल्तानपुर। मुख्य विकास अधिकारी के औचक निरीक्षण में बृहस्पतिवार को सीएमओ कार्यालय में कार्यरत 43 कर्मचारियों एवं अधिकारियों में से 30 अनुपस्थित पाए गए हैं। इसमें आठ कर्मचारी ऐसे पाए गए हैं जो उपस्थिति ही नहीं लगाते हैं।
निरीक्षण में यह हालात देख सीडीओ ने अनुपस्थित कर्मचारियों-अधिकारियों का एक दिन को वेतन रोकते हुए जवाब तलब किया है।
मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स ने बृहस्पतिवार की सुबह अचानक अमहट के पास स्थित मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण में 43 में से 30 अधिकारी-कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। आठ कर्मचारी-अधिकारी ऐसे पाए गए जिनका न तो उपस्थिति पंजिका में नाम है और न वे हाजिरी लगाते हैं।
कार्यालय में उपस्थिति का नजारा देख सीडीओ दंग रह गए। उन्होंने अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए नाराजगी जताई। इसे घोर लापरवाही करार देते हुए अनुपस्थित कर्मचारियों व अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का निर्देश दिया।
सीएमओ कार्यालय के पास गंदगी व गेट पर विद्युत का बाक्स खुला पाया गया। महामारी कक्ष के निरीक्षण में इंसपेक्टर रमेशचंद्रा मोबाइल पर बात करते हुए पाए गए। इस पर भी सीडीओ ने नाराजगी जताई। जन्म प्रमाण पत्र संबंधी पंजिका का वितरण भी जमा पाया गया। सीडीओ ने सीएमओ को व्यवस्था में सुधार लाने का निर्देश दिया है। सीडीओ के निरीक्षण से कार्यालय में हड़कंप मचा रहा।