धम्मौर के सरकंडेडीह गांव के पास ट्रक के अंदर बंधे गोवंश।
धम्मौर (सुल्तानपुर)। पुलिस ने बुधवार रात ट्रक से तस्करी कर ले जाए जा रहे 22 गोवंशों को बरामद किए, जिनमें से एक गोवंश की मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से भाग निकले। सभी जीवित गोवंश गोशाला भेजे गए हैं।
बुधवार रात करीब दो बजे धम्मौर पुलिस को ट्रक से गोवंशों को ले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने इस्लामगंज-धम्मौर रोड पर सरकंडेडीह गांव के पास चेकिंग लगाकर धम्मौर की तरफ आने वाले एक ट्रक को रुकने का इशारा किया। चालक ट्रक रोक कर भाग निकला।
पुलिस ने ट्रक की जांच की तो उस पर 22 गोवंश लदे मिले। गोवंशों को क्रूरता पूर्वक लादा गया था, जिसमें एक की मौत हो चुकी थी। पुलिस ट्रक को थाने लाई। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। प्रभारी निरीक्षक ज्ञानचंद्र ने बताया कि बरामद किए गए गोवंशों को बंधुआकला के सगरा स्थित गोशाला भेजा गया है। ट्रक के नंबर के जरिए आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है।