सुविधाओं में कमी मिलने
पर होगी कड़ी कार्रवाई
क्रासर
डीडीए की अध्यक्षता में हुआ किसान दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
फोटो संख्या-23
गौरीगंज। कलेक्ट्रेट सभागार में बुधवार को उप निदेशक कृषि की अध्यक्षता में किसान दिवस आयोजित हुआ। दिवस में किसानों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए डीडीए ने सभी अधिकारियों को किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के साथ ही गोदामों पर बीज व खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आदेश दिया। किसान दिवस मेें किसान हितों की अनदेखी करने वाले जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया।
किसानों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए प्रत्येक माह के तीसरे बुधवार को किसान दिवस आयोजित किया जाता है। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में उप निदेशक कृषि डॉ. अजय कृष्ण की अध्यक्षता में आयोजित किसान दिवस में उद्यान विभाग की ओर से योजनाओं की जानकारी नहीं देने तथा चहेते किसानों को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाते हुए किसानों ने जमकर हंगामा किया। किसानों की समस्याओं की सुनवाई करते हुए डीडीए ने जिला उद्यान अधिकारी को विभागीय योजनाओं की जानकारी सार्वजनिक करने के साथ ही वितरण में पूरी ईमानदारी बरतने का आदेश दिया। उन्होंने सभी गोदाम प्रभारियों को रबी सीजन के लिए पर्याप्त बीज व खाद की उपलब्धता सुनिश्चित करते हुए डिप्टी आरएमओ बीसी गौतम को सभी केंद्रों पर मौजूद सुविधाओं की जांच करने का आदेश दिया। दिवस में जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय, जिला पूर्ति अधिकारी अखिलेश श्रीवास्तव, किसान नेता प्रमोद मिश्र व रीता सिंह सहित सभी अधिकारी व बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।