शराब के नशे में धुत दो सफाई कर्मी निलंबित
क्रासर
- जिला सलाहकार की रिपोर्ट पर हुई कार्रवाई
- नोटिस देकर 15 दिन में मांगा जवाब
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। प्रसाधन निर्माण में सहयोग के लिए आयोजित कार्यशाला व सफाई अभियान कार्यक्रम के दौरान शराब पीकर आना दो सफाई कर्मियों को भारी पड़ गया। जिला सलाहकार स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की रिपोर्ट पर डीपीआरओ ने मंगलवार को दोनों आरोपी सफाई कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए नोटिस दी है। नोटिस में 15 दिन में जवाब देने को कहा गया है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया गया है।
प्रसाधन निर्माण में सहयोग व स्वच्छता के लिए डीपीआरओ के निर्देश पर मंगलवार को विकास खंड भादर में तैनात कर्मचारियों की एक कार्यशाला का आयोजन ब्लॉक मुख्यालय पर किया गया था। इस दौरान ब्लॉक क्षेत्र की ग्राम पंचायत नगरडीह में तैनात सफाई कर्मचारी उत्तम प्रसाद शराब के नशे में आकर व्यवधान डालने लगा। वहीं बीते 17 सितंबर को जिला मुख्यालय पर स्थित आईटीआई परिसर में आयोजित सफाई कार्यक्रम में गौरीगंज ब्लॉक के सफाई कर्मचारियों को बुलाया गया था। इस कार्यक्रम में भी गौरीगंज ब्लॉक में तैनात सफाई कर्मी संतोष बाबू शराब के नशे में आया था। कार्यक्रम आयोजक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण के जिला सलाहकार आरपी सिंह ने इसकी रिपोर्ट डीपीआरओ बनवारी सिंह को दी थी। रिपोर्ट मिलने के बाद डीपीआरओ ने दोनों आरोपी सफाई कर्मचारियों को मंगलवार को निलंबित कर दिया। निलंबन के बाद दोनों को नोटिस देकर 15 दिन में समुचित जवाब देने को कहा गया है। डीपीआरओ ने बताया कि जवाब से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में विभागीय कार्रवाई की जाएगी।