अंधाधुंध विद्युत कटौती
से उपभोक्ता परेशान
क्रासर-
क्षेत्र के सभी उपकेंद्रों की हालत खराब
अमर उजाला ब्यूरो
अमेठी। पावर कॉर्पोरेशन की मनमानी से क्षेत्र के उपभोक्ता परेशान हैं। उपभोक्ताओं को रोस्टर के मुताबिक विद्युत आपूर्ति नहीं मिल पा रही है वहीं हर घंटे हो रही अंधाधुंध विद्युत कटौती उनकी परेशानी और बढ़ा रही है। यह हालत क्षेत्र स्थित सभी विद्युत उपकेंद्रों की है।
सूबे की सरकार ने ग्रामीण क्षेत्रों में 18 और शहरी क्षेत्रों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति किए जाने का वादा किया था लेकिन यह पूरा होता नहीं दिखाई दे रहा है। हालत यह है कि पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों की मनमानी के चलते निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति उपभोक्ताओं को नहीं मिल पा रही है। जो विद्युत आपूर्ति मिल रही है वह भी हर घंटे बाद इमरजेंसी कटौती के नाम पर ठप कर दी जाती है। उमस भरी गर्मी में उपभोक्ताओं का बुरा हाल है। अंधाधुंध विद्युत कटौती से लोग परेशान हैं। उपभोक्ता जब संबंधित विद्युत उपकेंद्र पर फोन कर जानकारी लेने का प्रयास करता है तो पता चलता है कि इमरजेंसी कोड के आधार पर कटौती की गई है।
इनसेट
ट्रांसफार्मर जलने से 10 दिनों से अंधेरे में ग्रामीण
फोटो संख्या-27
अमेठी। विद्युत उपकेंद्र कोरवा के कुड़वा गांव का ट्रांसफार्मर पिछले 10 दिनों से जला है। ट्रांसफार्मर जलने से इस भीषण गर्मी में एक हजार आबादी पिछले 10 दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर है। ग्रामीण अर्जुन शुक्ल, अजय विश्वकर्मा ने बताया कि इस ट्रांसफार्मर से कुड़वा, शुकुलन का पुरवा, फतुआपुर को विद्युत आपूर्ति की जाती है। बताया कि पिछले 10 दिनों से ट्रांसफार्मर जलने से इस भीषण गर्मी में जहां ग्रामीण परेशान हैं वहीं सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ठप पड़े हैं। ग्रामीणों ने मामले की शिकायत कई बार विभागीय अधिकारियों से की। बावजूद इसके अभी तक न ट्रांसफार्मर पोल से उतारा गया और न ही कोई पहल की गई।