लापरवाही पर प्रधानाध्यापिका निलंबित
गौरीगंज। बिना अनुमति स्कूल से अनुपस्थित रहना, मध्याह्न भोजन योजना में अनियमितता बरतना, स्कूल की नियमित सफाई न करवाना अमेठी ब्लॉक के उच्च प्राथमिक विद्यालय रामदैयपुर की प्रधानाध्यापिका को भारी पड़ा।
शुक्रवार को बीएसए ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया तो प्रधानाध्यापिका अनुपस्थित मिलीं। बिना आदेश के एमडीएम खाते का संचालन प्रबंध समिति के अध्यक्ष की ओर से होता पाया गया।
मनमानी पर बीएसए ने प्रधानाध्यापिका को निलंबित करते हुए जांच बीईओ जगदीशपुर व डीसी एमडीएम को दी है।
बिना अवकाश स्वीकृत कराए विद्यालय से नदारद रहना तथा सक्षम अधिकारी की ओर से बिना कोई आदेश लिए एमडीएम खाते का संचालन ग्राम पंचायत से पृथक कर प्रबंध समिति के माध्यम से करना उच्च प्राथमिक स्कूल रामदैपुर की प्रधानाध्यापिका कुसुम को भारी पड़ा।
शुक्रवार को बीएसए विनोद कुमार मिश्र ने सुबह साढ़े आठ बजे विद्यालय का औचक निरीक्षण किया तो प्रधानाध्यापिका नदारद मिलीं। स्कूल के सभी अभिलेख उनके पास होने की बात सामने आई।
इसके साथ ही स्कूल के बच्चों का शैक्षिक स्तर भी खराब पाया गया। कंपोजिट ग्रांट के बावजूद सामग्री स्कूल में मौजूद नहीं मिली। विद्यालय में गंदगी भी पाई गई। प्रधानाध्यापिका की मनमानी पर बीएसए ने उन्हें निलंबित करते हुए आरोपों के संबंध में 15 दिन में जवाब मांगा है।
बीएसए ने मामले की जांच बीईओ जगदीशपुर व जिला समन्वयक एमडीएम को सौंपी है। प्रधानाध्यापिका को उच्च प्राथमिक विद्यालय हथकिला से संबद्ध किया गया है। बीएसए ने संयुक्त टीम की जांच रिपोर्ट मिलने व जवाब से संतुष्ट न होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।