तेज बुखार से बच्चे की मौत
सुल्तानपुर। पूरे बंधन मिश्र का पूरा गांव में बुधवार देर शाम एक ही परिवार के दो भाई व एक बहन को अचानक तेज बुखार चढ़ गया। परिवारीजन आनन-फानन में तीनों बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने एक बच्चे को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य बच्चों की हालत नाजुक बताई जा रही है। चिकित्सक लगातार बच्चों की सेहत पर नजर बनाए हुए हैं।
बल्दीराय थाना क्षेत्र के पूरे बंधन मिश्र का पूरा गांव निवासी श्यामजी मिश्र के बड़े बेटे गोपाल (5), छोटे बेटे मुकुंद (3) व बेटी लक्ष्मी (6) को बुधवार शाम अचानक तेज बुखार चढ़ गया। परिवारीजन तीनों बच्चों को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. दिनेश ने गोपाल को मृत घोषित कर दिया।
जिला अस्पताल में लक्ष्मी और मुकुंद की हालत नाजुक बनी हुई है। चिकित्सक की मानें तो किसी इंफेक्शन की वजह से बच्चों को तेज बुखार चढ़ा है। अभी जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।