आज से शुरू होगा जिले का पहला ब्लड स्टोर
जगदीशपुर सीएचसी में स्थापित हुई यूनिट
बड़ी आबादी को गैर जिलों का चक्कर लगाने से मिलेगी निजात
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। स्वास्थ्य विभाग शनिवार को जगदीशपुर सीएचसी में जिले के पहले ब्लड स्टोर यूनिट का संचालन शुरू कर देगा। स्टोर यूनिट का उद्घाटन जगदीशपुर विधायक/राज्यमंत्री सुरेश पासी करेंगे। अब जिले की बड़ी आबादी को दूसरे जिलों का चक्कर लगाने से निजात मिलेगी।
स्वास्थ्य महकमे के अनुरोध पर तत्कालीन प्रदेश सरकार ने जिले वासियों को ब्लड की आवश्यकता पड़ने पर इधर-उधर भटकने से बचाने के लिए ब्लड स्टोर यूनिट की स्थापना को मंजूरी दी थी। शासन की मंजूरी व धन आवंटन के बाद यूनिट की स्थापना का काम पूरा हो गया है। सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने बताया कि जिले की पहली ब्लड स्टोर यूनिट शनिवार से कार्य करना प्रारंभ कर देगी। यूनिट का उद्घाटन जगदीशपुर के विधायक व कौशल विकास राज्यमंत्री सुरेश पासी करेंगे। सीएमओ ने बताया कि जिले का मदर ब्लड बैंक सुल्तानपुर में है। मदर ब्लड बैंक से पर्याप्त मात्रा में सभी ग्रुप का ब्लड लाकर यहां स्टोर में सुरक्षित रखा जाएगा। स्टोर का संचालन होने से जिले वासियों को आपात स्थिति में ब्लड के लिए दूसरे जिलों की दौड़ नहीं लगानी पड़ेगी। कहा कि जल्द ही जिले में ब्लड बैंक का भी शुभारंभ किया जाएगा।