पदोन्नति के लिए दुरुस्त
की जाएगी वरिष्ठता सूची
क्रासर
172 जूनियर हाईस्कूलों में होनी है प्रधानाध्यापकों की नियुक्ति
बीएसए ने खंड शिक्षाधिकारियों को सूची दुरुस्त कराने को दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। उच्च प्राथमिक विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पदों पर पदोन्नति के लिए जूनियर के सहायक अध्यापक एवं प्राथमिक विद्यालयों के हेडमास्टर की वरिष्ठता सूची दुरुस्त कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। बीएसए ने सभी खंड शिक्षाधिकारियों को वरिष्ठता सूची दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है।
जिले के 172 जूनियर हाईस्कूलों में रिक्त चल रहे प्रधानाध्यापक के पदों पर नियुक्ति के लिए बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने शिक्षकों की वरिष्ठता सूची दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है। सभी खंड शिक्षाधिकारियों को दिए गए निर्देश में बीएसए ने कहा है कि उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत सहायक अध्यापक एवं प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाध्यापकों की सम्मिलित वरिष्ठता सूची की जांच कर एक्सेल डाटा में ही उपलब्ध कराएं। वरिष्ठता सूची भेजते समय इसकी गहनता से पड़ताल भी कर लें। बीएसए ने 20 जून तक संशोधित वरिष्ठता सूची एक्सेल शीट में सॉफ्ट कॉपी एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध कराने को निर्देशित किया है। उच्च प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष रणधीर सिंह ने पदोन्नति के लिए वरिष्ठता सूची नियमों के मुताबिक तैयार कराने की मांग की है।
बॉक्स
एबीआरसी चयन के लिए परीक्षा 18 को
जिले के 14 ब्लॉक संसाधन केंद्रों एवं नगर संसाधन केंद्र पर शैक्षिक उन्नयन के लिए रखे जाने वाले ब्लॉक सह समन्वयकों की नियुक्ति के लिए लिखित परीक्षा 18 जून को केशकुमारी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में होगी। बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने आवेदन करने वाले सभी शिक्षकों को परीक्षा शुरू होने के 10 मिनट पूर्व ही कक्ष में उपस्थित होने को निर्देशित किया है। उन्होंने बताया कि हिंदी, अंग्रेजी, गणित विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 19 जून, विज्ञान एवं सामाजिक विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 21 जून को बीएसए कार्यालय में होगा। जिले में कुल 75 ब्लॉक सह समन्वयकों का चयन किया जाना है।