सुल्तानपुर। विधानसभा के चुनाव में 164 मतदेय स्थलों और एक मतदान केंद्र बढ़ने के आसार बन गए हैं। निर्वाचन विभाग की ओर से आयोग के निर्देशों के तहत इसका खाका तैयार कर लिया गया है।
बृहस्पतिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में अपर जिलाधिकारी प्रशासन गौरव शुक्ल ने तैयार आंकड़े को मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के सामने रखा।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन ने बताया कि अधिकतम 1200 मतदाताओं के आधार पर मतदेय स्थल बनाए जाएंगे। इस हिसाब से 1991 के बजाय मतदेय स्थलों की 2155 हो जाएगी। मतदान केंद्र केवल एक बढ़ रहा है। अन्य मतदाता उसी केंद्र पर समाहित किए जा रहे हैं।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन व उपजिला निर्वाचन अधिकारी ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों व मतदान केंद्रों पर राजनीतिक दलों के लोगों से सुझाव मांगा। बताया कि उनका सुझाव व आपत्तियां मिलने पर फिर परीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद नए मतदान केंद्र व स्थल बनाए जाएंगे। इस मौके पर एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी व सभी तहसीलों के एसडीएम मौजूद रहे।