कटका खानपुर की गोदाम पर लगी किसानों की कतार।
द्वारिकागंज। कटका खानपुर के पीसीएफ गोदाम पर 500 बोरी डीएपी पहुंचने की सूचना पर बृहस्पतिवार सुबह ही बड़ी संख्या में किसानों की भीड़ जमा हो गई। गोदाम पर किसानों की भीड़ को देखकर केंद्र प्रभारी सुरेंद्र मिश्र को पुलिस बुलानी पड़ी। इसके बाद भी गोदाम पर किसानों का हो-हल्ला होता रहा।
शाम तक डीएपी का वितरण किया गया। हालांकि 350 बोरी डीएपी वितरित हो पाने से कई किसानों को खाली हाथ वापस होना पड़ा। केंद्र प्रभारी ने बताया कि 150 बोरी उर्वरक शुक्रवार को वितरित की जाएगी। बंधुआकला के बहुद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति पर सुबह 180 बोरी डीएपी पहुंचने की भनक लगते बड़ी संख्या में किसान पहुंच गए। धक्का-मुक्की के बीच किसानों को कतारबद्ध कराया गया।
इसके बाद डीएपी बांटना शुरू हुआ। शाम तक डीएपी खत्म होने पर काफी किसानों को वापस होना पड़ा। किसान सुरेश वर्मा, सालिकराम, अतहर, फजल, अवधेश, समर बहादुर ने बताया कि समय पर खाद नहीं मिलती है। जिससे फसलों की उपज पर खराब प्रभाव पड़ता है। समिति के सचिव संदीप वर्मा ने बताया कि डीएपी की दूसरी खेप जल्द आएगी। वंचित किसानों को डीएपी उपलब्ध कराई जाएगी।