आग से 12 मकान राख, दस लाख नुकसान
अमेठी। बैधिकपुर गांव में मंगलवार की देर रात एक घर से उठी चिंगारी ने 12 मकानों को जलाकर राख कर दिया। ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंचे फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग से 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पीपरपुर थाना क्षेत्र के बैधिकपुर गांव में मंगलवार की देर रात विश्वनाथ पांडेय के मकान में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
इस दौरान आग ने गांव के ही दिनेश, जगदीश, गुलाब पत्ती, पवन कुमार, अजय कुमार, बैजनाथ, रवींद्र कुमार, राजेंद्र कुमार, नरेंद्र कुमार, प्रदीप कुमार, मनीष कुमार के मकान को भी चपेट में ले लिया।
ग्रामीणों की सूचना के बाद पहुंचे फायर कर्मियों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया। पीड़ितों की मानें तो आग से करीब 10 लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। बुधवार की सुबह कोटेदार गोविंद प्रसाद यादव ने अग्नि पीड़ितों को राशन बांटा। एडीओ पंचायत भादर संतोष कुमार शुक्ल ने एक हजार रुपये प्रति पीड़ित नकद राशि प्रदान की।