स्वास्थ्य कर्मियों का स्थानांतरण करने पर नपेंगे अधीक्षक
गौरीगंज। उच्चाधिकारियों के आदेश के विपरीत सीएचसी क्षेत्र के उपकेंद्रों व न्यू पीएचसी सेंटरों पर स्वास्थ्य कर्मियों का तबादला करना कई अधीक्षक को भारी पड़ सकता है।
सीएमओ ने सभी अस्पताल अधीक्षक को पत्र जारी कर राजकीय/संविदा कर्मियों की तैनाती जिस पद व स्थान पर है उसी के सापेक्ष कार्य लिए जाने का आदेश देते हुए स्वयं से किसी का स्थानांतरण नहीं करने का निर्देश दिया है।
एक जून के बाद ऐसा प्रकरण मिलने पर संबंधित अधीक्षक को पद से हटाते हुए अन्य विभागीय कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिले के सभी 13 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अधीक्षक की ओर से नियम विरुद्ध किए जा रहे राजकीय/संविदा कर्मियों के स्थानांतरण पर सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने रोक लगा दी है।
सीएमओ ने सभी अधीक्षक को पत्र जारी कर कहा है कि जिले के कई अधीक्षक राजकीय व संविदा स्वास्थ्य कर्मियों का स्थानांतरण सीएचसी क्षेत्र के न्यू पीएचसी सेंटर व उपकेंद्रों पर कर रहे हैं।
सीएमओ ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा है कि कार्यालय में उपलब्ध विवरण के अनुसार अधिकांश अधिकारियों कर्मचारियों की तैनाती स्थान में भिन्नता पाई गई है। इससे प्रतीत होता है कि आप द्वारा स्वयं उनका स्थानांतरण अन्यत्र कर दिया गया है। इसकी सूचना तक नहीं दी गई है।
सभी को स्पष्ट निर्देश देते हुए सीएमओ ने कहा है कि उच्चाधिकारियों व अधोहस्ताक्षरी की ओर से राजकीय/संविदा स्वास्थ्य कर्मियों की जिस पद व स्थान पर पोस्टिंग की गई है उनसे उसी पद व स्थान पर कार्य लिया जाय।
अधीक्षक की ओर से स्वयं उनके कार्य क्षेत्र में परिवर्तन न किया जाय। सीएमओ ने यह भी कहा है यदि पारित आदेश के विपरीत कार्य लिया जा रहा है तो प्रत्येक दशा में इस पर रोक लगाई जाए।
सीएमओ ने कहा कि आदेश की अवहेलना होने पर न सिर्फ उनके खिलाफ बल्कि तैनाती स्थल में भिन्नता पाए जाने पर संबंधित कर्मी का वेतन/मानदेय रोक दिया जाएगा। साथ ही संबंधित अधीक्षक के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पद से कार्यमुक्त करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा जाएगा।