बिना मान्यता संचालित स्कूलों पर डीएम सख्त
गौरीगंज। जिले में बिना मान्यता संचालित स्कूलों व मान्यता प्राप्त स्कूलों में कापी किताब व ड्रेस खरीदने की अनिवार्यता की लगातार मिल रही शिकायतों पर डीएम ने सख्त रुख अख्तियार किया है।
डीएम ने इस पर अंकुश लगाने के लिए मजिस्ट्रेट की अगुवाई में ब्लॉकवार टीमें गठित कर निशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम के तहत छापामारी कर कार्रवाई करने का आदेश दिया है। सभी बीईओ को विद्यालयों की सूची टीमों को देने को कहा गया है।
शासन के निर्देश के बावजूद जिले में बिना मान्यता संचालित विद्यालयों के अलावा मान्यता प्राप्त विद्यालयों ड्रेस के साथ कापी किताब खरीदने की अनिवार्यता बनाए हुए हैं।
इस संबंध में मिल रही शिकायत से आजिज डीएम डॉ. राम मनोहर मिश्र ने सख्त रूख अख्तियार किया है। डीएम ने मजिस्ट्रेट की अगुआई में ब्लॉकवार दो-दो टीमों का गठन कर लगातार छापामारी कर इस पर अंकुश लगाने का निर्देश दिया है।
बीईओ को अपने ब्लॉक क्षेत्र के विद्यालयों की सूची टीम को उपलब्ध कराने को कहा गया है। डीएम ने टीम प्रभारियों को अवैध रूप से संचालित विद्यालयों के साथ ही मान्यता प्राप्त विद्यालयों की जांच करने का निर्देश दिया है।
छापामारी में मान्यता प्राप्त विद्यालयों की ओर से छात्रों से नामित दुकान या फिर विद्यालय से ड्रेस व कापी किताब की बिक्री का पता लगाने का निर्देश दिया गया है। यदि ऐसा पाए जाने पर संबंधित विद्यालयों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
साथ ही संबंधित थानों में केस दर्ज कराने को कहा गया है।डीएम ने टीम प्रभारियों को की गई कार्रवाई की लिखित रिपोर्ट प्रत्येक सोमवार को बीएसए के माध्यम से उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया है।
डीएम की ओर से गठित ब्लॉकवार दो-दो टीमों में पहली टीम के प्रभारी एसडीएम हैं तो दूसरी टीम के प्रभारी तहसीलदार बनाए गए हैं। पहली टीम के सहायक संबंधित बीईओ हैं तो दूसरी टीम के सहायक संबंधित ब्लॉक के एबीआरसी को बनाया गया है।