पीपरपुर पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर
गौरीगंज। पीपरपुर थाना क्षेत्र के भावापुर गांव का रहने वाला एक शातिर युवक रविवार रात पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस युवक के पास से एक तमंचा व एक जिंदा कारतूस के साथ बिना नंबर की कार बरामद करने का दावा कर रही है। युवक का चालान सोमवार सुबह न्यायालय भेजा गया।
पीपरपुर थाने के उपनिरीक्षक राम नारायण द्विवेदी अपने हमराह सिपाहियों के साथ रविवार रात गश्त पर थे। पुलिस टीम अयोध्या नगर तिराहे के पास पहुंची ही थी कि एक कार दिखाई पड़ी।
पुलिस ने कार को रोका तो उसे लेकर जा रहे युवक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं। पुलिस ने युवक की तलाशी ली तो उसके पास से एक अदद तमंचा व एक जिंदा कारतूस मिला। युवक के पास मिली कार भी बिना नंबर की थी।
पुलिस की पूछताछ में युवक ने अपना नाम विकास उपाध्याय निवासी भावापुर बताया। पुलिस ने युवक को थाने लाने के बाद जानकारी की तो पता चला कि उसके ऊपर जिले के पीपरपुर व संग्रामपुर थाने के अलावा कोतवाली नगर सुल्तानपुर में पहले से गंभीर किस्म के 12 मुकदमें पंजीकृत हैं।
एसएचओ श्याम सुंदर ने बताया कि कार को सीज कर युवक का चालान सोमवार सुबह न्यायालय भेजा गया है।