भदैंया (सुल्तानपुर)। लोलेपुर विद्युत उपकेंद्र के इस्लामगंज गांव में शनिवार शाम आठ बजे एचटी लाइन पर आम का पेड़ गिरने से 15 गांवों की बिजली गुल हो गई। इधर, बिजली कर्मियों की हड़ताल से अभी तक आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। बिजली की आपूर्ति बाधित होने से छह हजार की आबादी भीषण गर्मी में परेशान है।
लोलेपुर विद्युत उपकेंद्र से कुछमुछ, जादीपुर, बरगदवा, वजूपुर, माड़ौ का पुरवा, दहलवा सहित व अन्य गांवों की बिजली आपूर्ति होती है। इस्लामगंज गांव में हाईटेंशन लाइन पर पेड़ गिरने की वजह से पूरा फीडर प्रभावित हुआ है। हालांकि, अन्य जगहों की बिजली आपूर्ति धीरे-धीरे करके बहाल कर दी गई, लेकिन 15 गांवों की आपूर्ति रविवार देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी।
मोबाइल और इन्वर्टर डिस्चार्ज हो गए हैं। लोगों को मोबाइल चार्ज करने के लिए दूसरी जगह जाना पड़ रहा है। इसके अलावा बिजली आपूर्ति नहीं होने से सबमर्सिबल और नलकूप न चल पाने से लोगों को पेयजल संकट से भी जूझना पड़ रहा है।
जेई आनंद जायसवाल ने कहा कि स्थिति से अवगत हैं। मरम्मत की व्यवस्था की जा रही है। स्थायी बिजली कर्मचारी समस्या का समाधान करने में अब तक सफल नहीं हो पाए हैं।
इनसेट
जारी है कार्य बहिष्कार
सुल्तानपुर। उत्तर प्रदेश पाॅवर काॅरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी का कार्य बहिष्कार रविवार को भी जारी रहा। आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्य कर रहे कर्मचारियों का कार्य के अनुरूप अनुबंध न करने, वेतन भुगतान में भेदभाव करने, वेतन 18000 रुपये निर्धारित न करने आदि पर इनका विरोध चल रहा है। जिलाध्यक्ष आनंद अग्रहरि, जिला उपाध्यक्ष कामता पांडेय, जिला महामंत्री अजय कुमार चौरसिया ने बताया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने विद्युत उपकेंद्र पर सत्याग्रह आंदोलन पर बैठे हैं। सभी सब स्टेशन पर कार्य बहिष्कार चल रहा है।