आज शुरू होगा अमेठी का पोस्टमॉर्टम हाउस
क्रासर
अब तक लगानी पड़ती थी दो जिलों की दौड़
फोटो संख्या-22
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। शहर के असैदापुर में दो वर्ष पूर्व निर्मित अमेठी जिले का पोस्टमॉर्टम हाउस बुधवार से संचालित होगा। पोस्टमॉर्टम हाउस का संचालन शुरू होने से पुलिस के साथ ही ऐसे लोगों को गैर जनपद की दौड़ लगाने से छुटकारा मिलेगा, जिनके परिवार का कोई व्यक्ति हत्या या दुर्घटना में मारा गया हो। अभी तक जिले की तीन तहसीलों के लोगों को पोस्टमॉर्टम के लिए सुल्तानपुर व एक तहसील को रायबरेली जाना पड़ता था। संचालन में कोई दिक्कत नहीं हो इसके लिए स्वास्थ्य महकमे ने न सिर्फ चिकित्सकों व कर्मियों की तैनाती कर दी है बल्कि ड्यूटी रोस्टर भी जारी कर दिया है।
लोगों की मांग पर शासन ने करीब चार वर्ष पूर्व अमेठी जिले में पोस्टमॉर्टम हाउस स्थापना को स्वीकृति दी थी। स्वीकृति मिलने के बाद पोस्टमॉर्टम हाउस का निर्माण भी करीब दो वर्ष पूर्व पूरा हो चुका था। बावजूद इसके विभागीय उदासीनता से पोस्टमॉर्टम हाउस का संचालन अब तक नहीं किया जा रहा था। पोस्टमॉर्टम हाउस का संचालन नहीं होने से जिले की अमेठी, गौरीगंज व मुसाफिरखाना तहसील की पुलिस के साथ ही ऐसे लोगों जिनके परिवारीजन की मौत हत्या या दुर्घटना में हुई है को सुल्तानपुर व तिलोई तहसील के लोगों को रायबरेली जिले की दौड़ लगानी पड़ती थी। जिले के मौजूदा सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने लोगों की मांग पर पोस्टमॉर्टम हाउस का संचालन शुरू कराने की कवायद शुरू की। सीएमओ ने मंडलायुक्त सूर्यप्रकाश मिश्र व डीएम योगेश कुमार से संचालन की अनुमति लेने के बाद शासन से आवश्यक संसाधन प्राप्त कर पोस्टमॉर्टम के लिए चिकित्सकों व अन्य कर्मचारियों की तैनाती कर चिकित्सकों व कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिलवाया। मंगलवार को सीएमओ ने चिकित्सकों व कर्मचारियों की ड्यूटी का रोस्टर जारी कर बुधवार से कार्य संपादित करने का आदेश दिया। सीएमओ ने पोस्टमॉर्टम कार्य में लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई का अल्टीमेटम दिया है।