जिले में क्राइम कंट्रोल में
फेल रहे एसपी रोहन
क्रासर
65 दिन के कार्यकाल के दौरान 11 मर्डर
दो बच्चियों समेत चार के साथ हुआ दुष्कर्म
फोटो संख्या-33
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। 65 दिन के कार्यकाल के दौरान पुलिस अधीक्षक रोहन पी कनय क्राइम कंट्रोल में पूरी तरह से फेल नजर आए। 11 हत्या के साथ ही दो बच्चियों समेत चार के साथ हुई दुष्कर्म ने कानून-व्यवस्था की कलई खोल कर रख दी। कानून-व्यवस्था को ढर्रे पर लाने के लिए हालांकि एसपी ने कई बार विभाग में फेरबदल किया। कुछ पुलिस कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई भी हुई लेकिन इससे कुछ नहीं बदला। बिगड़ी कानून-व्यवस्था की हालत यह हो गई कि मुख्यालय पर ही दो बच्चियों के साथ दरिंदगी की गई और एक बच्ची की हत्या भी कर दी गई। आज तक बच्ची की शिनाख्त तक नहीं हो सकी। ताजा मामला दो दिन पहले का है जब स्कूल जा रही छात्रा को अगवा कर दो युवकों ने गैंगरेप कर डाला। एक-दो मामले को छोड़ दिया जाए तो अधिकांश मामलों में आरोपी पुलिस की पकड़ में ही नहीं आ सके। हत्या के एक मामले में ग्रामीणों ने हाईवे जामकर न सिर्फ पुलिस कर्मियों को पीटा बल्कि एसडीएम व पुलिस की जीप भी फूंक दी।
पुलिस अधीक्षक पवन कुमार के स्थानांतरण के बाद जिले में एक मई को चार्ज लेने पहुंचे एसपी रोहन पी कनय ने कहा था कि हर थानों पर दो-दो एंटी रोमियो स्क्वॉयड रखे जाएंगे, जिससे महिलाएं व बेटियां खुद को सुरक्षित महसूस करें। दुर्भाग्य से ऐसा कुछ भी जिले में नहीं हो सका। खुलेआम मारपीट होती रही और पुलिस कर्मी मूकदर्शक बने रहे। दुधमुंही बच्चियों के साथ दरिंदगी हुई, एक की हत्या कर दी गई, पुलिस ने करीब 15 दिन बाद मामले का खुलासा किया और एक आरोपी को गिरफ्तार भी किया, लेकिन दरिंदगी की शिकार बच्ची की शिनाख्त आज तक नहीं कर सकी।