भूपति भवन कांड में गैंगेस्टर कोर्ट ने गुरुवार को 14 अभियुक्तों के खिलाफ हत्या समेत कई संगीन धाराओं में आरोप तय किया है। कोर्ट ने प्रकरण में गवाही श़ुरू करने के लिए 20 अगस्त की तिथि नियत की है।
अमेठी के भूपति भवन के सामने 14 सितंबर 2014 को हुए बवाल में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अमेठी कोतवाली के सिपाही विजय प्रताप मिश्र की गोली लगने से मौत हो गई थी।
मामले में अमेठी कोतवाल मो. हमीद ने भाजपा नेता युवराज अनंत विक्रम सिंह समेत सात नामजद और 300 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया था।
पुलिस ने सात दिसंबर 2014 को 14 अभियुक्तों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की थी जबकि अनंत विक्रम सिंह समेत कई अन्य अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस की विवेचना जारी है।
चार्जशीटेड 14 अभियुक्तों के केस का ट्रायल स्पेशल जज गैंगेस्टर एक्ट की कोर्ट में चल रहा है। गुरुवार को स्पेशल जज गैंगेस्टर एक्ट रवींद्र विक्रम सिंह ने 14 अभियुक्तों पर हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में आरोप तय किया। कोर्ट ने गवाही शुरू करने के लिए 20 अगस्त की तिथि नियत की है।
इन पर तय किया गया आरोप
कोर्ट ने भूपति भवन कांड में जिन 14 अभियुक्तों पर आरोप तय किया है,उनमें बिन्नू बारी, सुनील बारी, सत्यनरायन, संकठा प्रसाद, शुभम अग्रहरि, अनिल अग्रहरि, संतोष मोदनवाल, कमलेश कुमार, रिंकू अग्रहरि, राजकुमार मोदनवाल, त्रिभुवन गुप्त, शेर अली, इरशाद व अंजनी शामिल हैं।