मांगों को लेकर माध्यमिक शिक्षकों का धरना
अधिकारियों पर समस्याओं की अनदेखी करने का लगाया आरोप
फोटो - 18
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। माध्यमिक शिक्षकों की 22 सूत्री मांगों के निराकरण को लेकर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने डीआईओएस कार्यालय पर धरना दिया। शिक्षकों ने अधिकारियों पर समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए रोष जताया।
बृहस्पतिवार को जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पर उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ पांडेय गुट के जिलाध्यक्ष अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में शिक्षकों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष ने कहा कि डीआईओएस का धरने के समय अनुपस्थित रहना, समस्याओं के निराकरण में टाल-मटोल व समस्या को लटकाए रखना नितांत अनुचित है। जिला मंत्री डॉ. अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि इंटर कॉलेज शिवगढ़, इंटर कॉलेज बेलहरी, इंटर कॉलेज भवानीगढ़ रैंचा व इंटर कॉलेज भरखरे का जून एवं जुलाई का वेतन भुगतान नहीं हुआ है जिससे शिक्षकों में असंतोष है। धरने को संघ के पूर्व अध्यक्ष उदयपाल सिंह, आरपी सिंह, प्रधानाचार्य परिषद के अध्यक्ष डॉ. केडी सिंह, जिला मंत्री डॉ. दिनेश प्रताप सिंह, पूर्व अध्यक्ष बजरंगी सिंह व डॉ. सुशील सिंह आदि ने भी संबोधित किया।