छात्रवृत्ति का नकद इस्तेमाल
नहीं कर सकेंगे छात्र
क्रासर
शासन ने डिजिटल पेमेंट की दी सीख
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। शासन से छात्रवृत्ति पाने वाले विभिन्न कक्षाओं के छात्र अब अपनी छात्रवृत्ति का इस्तेमाल पूर्व की तरह नकद नहीं कर सकेंगे। हालांकि इसे अनिवार्य नहीं किया गया है। पर, शासन ने नकद धनराशि के खर्च पर अंकुश जरूर लगा दिया है। इस संबंध में शासन ने समाज कल्याण विभाग को दिशा- निर्देश जारी कर दिया है। जारी निर्देश के मुताबिक छात्रवृत्ति पाने वाले छात्रों को अपने वजीफे की धनराशि का इस्तेमाल डिजिटल पेमेंट के जरिए करना होगा। इसके लिए बकायदा विद्यालयों में छात्रों को जागरूक करने का निर्देश दिया गया है। समाज कल्याण विभाग को इस संबंध में शासन ने निर्देश जारी कर दिया है। आदेश के पीछे केंद्र सरकार की ओर से पूर्व में जारी डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जोड़कर देखा जा रहा है। शासन का निर्देश मिलने के बाद समाज कल्याण विभाग ने शिक्षा विभाग को पत्र जारी करते हुए विद्यालयों के छात्रों को डिजिटल पेमेंट के बारे में जानकारी देने को कहा गया है।
समाज कल्याण अधिकारी रामचंद्र दूबे ने बताया कि शासन से डिजिटल पेमेंट के संबंध में आदेश मिला है। आदेश से शिजक्षा विभाग को अवगत करा दिया गया है। विद्यालयों के छात्रों को इस संबंध में जानकारी देने का निर्देश दिया गया है।