सुल्तानपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 के लिए जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति ने 128 विद्यालयों को केंद्र बनाने के लिए प्रस्तावित किया है। मंगलवार देर शाम विद्यालयों की सूची परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई। माध्यमिक शिक्षा परिषद की अनंतिम सूची में से छह केंद्र काट दिए गए हैं, वहीं 21 नए विद्यालयों को केंद्र बनाया गया है।
मंगलवार को माध्यमिक शिक्षा परिषद ने आपत्तियों का निस्तारण कर केंद्रों की सूची अपलोड करने का समय दिया था। काफी माथापच्ची के बाद जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति ने 128 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाने की सहमति दी है। बोर्ड की वेबसाइट पर केंद्रों की सूची अपलोड कर दी गई है। इसमें अनंतिम सूची वाले छह केंद्रों को हटाया गया है। वहीं 121 नए केंद्र जोड़े गए हैं।
गौरतलब है कि यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने 113 विद्यालयों की अनंतिम सूची भेजी थी। इस पर 142 आपत्तियां दाखिल हुई थीं। 92 आपत्तियां दूरी को लेकर थीं, वहीं 61 स्कूलों ने अपने विद्यालय को बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाने की मांग की थी। कई विद्यालयों ने धारण क्षमता से अधिक परीक्षार्थी आवंटित कर दिए जाने की शिकायत की थी।
शिकायतों का निस्तारण कराते हुए 78 विद्यालयों की जांच उपजिलाधिकारियों से कराई गई। केंद्र निर्धारण समिति के निर्णय के बाद 128 विद्यालयों को यूपी बोर्ड परीक्षा 2021 का केंद्र बनाने की अनुमति दी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक वीपी सिंह ने बताया कि 128 विद्यालयों की सूची बोर्ड की वेबसाइट पर तय समय सीमा के अंदर अपलोड कर दी गई है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद की अनंतिम सूची में परीक्षार्थियों का आवंटन धारण क्षमता से अधिक कर दिया गया था। साथ ही दूरी के मानकों का भी अनुपालन नहीं किया गया था। आपत्तियों के निस्तारण कराने के लिए धारण क्षमता से अधिक आवंटित विद्यालयों के परीक्षार्थियों को अन्य विद्यालयों में शिफ्ट किया गया। वहीं दूर भेजे गए बच्चे भी मानक के अनुरूप विद्यालयों में आवंटित किए गए। इस प्रक्रिया में करीब 150 विद्यालयों के बच्चों को इधर से उधर कर दिया गया है।
परिषद की वेबसाइट पर जनपदीय समिति की ओर से अपलोड की गई सूची 13 फरवरी को प्रदर्शित होगी। जनपदीय समिति के अनुमोदन के बाद परिषद की वेबसाइट पर अपलोड किए गए परीक्षा केंद्रों के संबंध में फिर से 18 फरवरी तक आपत्तियां ली जाएंगी। आपत्तियों के परीक्षण के बाद केंद्र निर्धारण सूची को अंतिम रूप प्रदान करते हुए 22 फरवरी को परिषद की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।