ऋण दिलाने के नाम पर महिलाओं से 30 लाख की ठगी
सुल्तानपुर। दो गांवों में महिला समूहों का गठन कर तीन चिटफंड कंपनियों ने करीब दो दर्जन महिलाओं से 30 लाख रुपये ठग लिए।
महिलाओं ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी कंपनी के साथ ही एक युवक के खिलाफ केस दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
मुसाफिरखाना कोतवाली क्षेत्र के जमुवारी और रामरायपुर गांव की करीब दो दर्जन महिलाएं शनिवार को कोतवाली पहुंच गईं। महिलाओं ने पुलिस को अलग-अलग दो तहरीर देते हुए तीन फाइनेंस कंपनियों के साथ ही जमुवारी निवासी एक युवक पर काम-धंधे के नाम पर लोन पास कर लगभग 30 लाख की रकम हड़प लेने का आरोप लगाया है।
जमुवारी निवासी मंजुला, कमलेश व रामरायपुर निवासी निर्मला के साथ आईं महिलाओं ने पुलिस को बताया कि कंपनियों के कर्मियों ने लोन पास कर पूरी धनराशि यह कर उनसे वापस ले ली कि उनकी किस्त जमा करने के साथ ही उन्हें एक निर्धारित रकम हर महीने मिलेगी।
धोखाधड़ी कर पैसा हड़पने के बाद अब उनसे लोन की वसूली के लिए दबाव बनाया जा रहा है। मामले में कोतवाल देवेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।