सड़क हादसे में पीआरडी जवान की मौत
- रूट डायवर्जन को लगा बैरियर तोड़ भाग रहे ट्रक ने कुचला, सिपाही घायल
फोटो संख्या-1/2
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के पांडेयबाबा मेला में रूट डायवर्जन के लिए लगाए गए बैरियर को शनिवार सुबह एक ट्रक तोड़कर अंदर घुस गया। दो बैरियर तोड़ने के बाद पीआरडी जवान व सिपाही ने ट्रक रोकने की कोशिश की तो चालक ने उन दोनों को कुचल दिया। गंभीर रूप से घायल पीआरडी जवान व सिपाही को पुलिस ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने पीआरडी जवान को मृत घोषित कर दिया। घायल सिपाही का इलाज चल रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर सिपाही की तहरीर पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्जकर विवेचना शुरू कर दी है।
पांडेयबाबा का दो दिवसीय मेला शनिवार को शुरू हुआ था। मेले में भीड़ नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने रूट डायवर्जन किया था। लखनऊ-बलिया राजमार्ग पर स्थित मोतिगरपुर बाजार से मार्ग परिवर्तित करके दोस्तपुर वाया कादीपुर होते हुए वाहन भेजे जा रहे थे। इसके लिए एक बैरियर मोतिगरपुर बाजार में और दूसरा पांडेयबाबा मेला से थोड़ी दूर पहले बनाया गया था। शनिवार सुबह 05.30 बजे सुल्तानपुर से कादीपुर जा रहा एक ट्रक मोतिगरपुर में बैरियर तोड़कर अंदर घुस गया। इसके बाद ट्रक ने पांडेयबाबा मेला से पहले बने दूसरे बैरियर को भी तोड़ डाला था। बैरियर पर तैनात मोतिगरपुर थाने के सिपाही दीपक कुमार यादव और पीआरडी के जवान रामजगत (55) निवासी राघवपुर कोतवाली कादीपुर ने ट्रक रोकने की कोशिश की तो चालक ने उन दोनों को कुचल दिया। हादसे में पीआरडी जवान व सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मेले में मौजूद लोगों ने ट्रक को पीछा किया। इस पर चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंचे एसओ धनंजय सिंह ने घायल सिपाही व पीआरडी जवान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने पीआरडी जवान को मृत घोषित कर दिया था। घायल सिपाही का इलाज चल रहा है।
सीओ जयसिंहपुर डीपी शुक्ल ने बताया कि, घायल सिपाही दीपक कुमार यादव की तहरीर पर अज्ञात ट्रक चालक व ट्रक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि, ड्यूटी के दौरान पीआरडी जवान की मौत होने पर परिवारीजनों को 10 लाख रुपये आर्थिक सहायता दिए जाने की व्यवस्था है। इसके लिए जरूरी कार्रवाई की जाएगी।