जिले को मिले 8
एडीओ पंचायत
क्रासर
निदेशालय ने जारी किया आदेश, पूरी हुई कमी
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। पंचायतराज निदेशालय ने ग्राम पंचायत अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए जिले को आठ एडीओ पंचायत आवंटित किए हैं। इसमें चार इलाहाबाद से सुल्तानपुर स्थानांतरित किए गए हैं जबकि चार जिले के ही ग्राम पंचायत अधिकारियों को पदोन्नति देते हुए उन्हें एडीओ पंचायत बना दिया गया है। आठ नए एडीओ पंचायत मिलने से जिले में चली आ रही कमी पूरी हो गई है।
पंचायत निदेशालय ने सूबे के 143 ग्राम पंचायत अधिकारियों को पदोन्नति दी है। पदोन्नति देते हुए निदेशालय ने एडीओ पंचायतों को तैनाती जिला आवंटित कर दिया है। पदोन्नति में जिले के चार ग्राम पंचायत अधिकारी एडीओ पंचायत बन गए हैं। इसमें ओमप्रकाश मिश्र, मोहम्मद दाउद खां, राम भारत व शिव बहादुर दूबे शामिल हैं। ग्राम पंचायत अधिकारी से एडीओ पंचायत बने चारों लोगों को सुल्तानपुर जिला ही आवंटित किया गया है। इसके अलावा इलाहाबाद से ग्राम पंचायत अधिकारी पद से एडीओ पंचायत पद पर पदोन्नति पाए चार लोगों को सुल्तानपुर जिला आवंटित किया गया है। इसमें मोहम्मद सिद्दीकी, विजय बहादुर यादव, अनिल पांडेय व प्रसिद्घ नारायण ओझा शामिल हैं। पदोन्नति से जिले को आठ एडीओ पंचायत मिलने से जिले में चली आ रही सहायक विकास अधिकारी पंचायत की कमी पूरी हो गई है। विभाग की मानें तो जिले में पहले से ही छह एडीओ पंचायत कार्यरत हैं। आठ नए एडीओ पंचायत मिलने से सभी ब्लॉकों में एक एडीओ पंचायत हो जाएंगे। अभी तक एडीओ पंचायतों की कमी को देखते हुए प्रभारी बनाकर कार्य लिया जा रहा था। जिला पंचायतराज अधिकारी अरविंद कुमार ने बताया कि जल्द ही नए एडीओ पंचायतों को ब्लॉक आवंटित किया जाएगा।