जिला अस्पताल से जारी
होगा स्वास्थ्य प्रमाण पत्र
क्रासर
अब तक सीएमओ कार्यालय से जारी होता था प्रमाण पत्र
लाभार्थियों की सुविधा के लिए जारी हुआ आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। स्वास्थ्य प्रमाण पत्र बनवाने के लिए लोगों को अब दो कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। लोगों को हो रही असुविधा को देखते हुए सीएमओ ने पत्र जारी कर एक अक्तूबर से असैदापुर स्थित संयुक्त जिला चिकित्सालय से ही प्रमाण पत्र निर्गत कराने का आदेश अस्पताल अधीक्षक को दिया है।
किसी भी व्यक्ति को सरकारी नौकरी मिलने व किसी काउंसलिंग में प्रतिभाग करने के लिए स्वास्थ्य प्रमाण पत्र लगाना अनिवार्य होता है। यह प्रमाण पत्र स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिला स्तर पर ही जारी किया जाता है। इसके लिए लोगों को पहले संयुक्त जिला चिकित्सालय से एक रुपए का पर्चा बनवाना पड़ता था। उसके बाद संबंधित चिकित्सकों से फिटनेस जांच कराने के बाद उसे रिपोर्ट लेकर सीएमओ कार्यालय जाना पड़ता था। यहां से सीएमओ की ओर से नामित स्वास्थ्य अधिकारी स्वास्थ्य प्रमाण पत्र जारी करता था। जिले में संयुक्त जिला अस्पताल व सीएमओ कार्यालय विपरीत दिशा में स्थित होने के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। लोगों की समस्याओं को देखते हुए सीएमओ डॉ. आरएम श्रीवास्तव ने एक अक्तूबर से स्वास्थ्य प्रमाण पत्र संयुक्त जिला अस्पताल से ही निर्गत कराने का आदेश अस्पताल अधीक्षक को दिया है। सीएमओ ने बताया कि जिला अस्पताल व उनके कार्यालय की दूरी ज्यादा होने तथा उक्त मार्ग पर कोई साधन नहीं चलने से लोगों को काफी परेशानी होती थी। अब लोगों को एक ही स्थान से जांच के बाद प्रमाण पत्र मिल जाएगा।