राजूपुर एकडला गांव में मां-बेटी को दबंगों ने पीटा
- हालत गंभीर, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज
- आरोपी दे रहे सुलह करने की धमकी
सुल्तानपुर। मुकदमा दर्ज होने से नाराज दबंगों ने मां-बेटी की जमकर पिटाई की। गंभीर रूप से घायल मां-बेटी का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। आरोप है कि जानलेवा हमला करने के आरोपी मुकदमे में सुलह-समझौता करने के लिए धमकी दे रहे हैं। घटना कूरेभार थाने के राजूपुर एकडला गांव की है।
कूरेभार थाने के राजूपुर एकडला निवासी बलवंत यादव का गांव के ही अनिल कुमार से विवाद है। इसी मामले में पिछले 20 अक्तूबर को अनिल कुमार आदि ने बलवंत के घर में घुसकर पत्नी मालती व बेटी प्रियंका की पिटाई की थी। मां-बेटी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बलवंत की पुत्री माधुरी की तहरीर पर अनिल कुमार, अजय कुमार, लवकुश व नीरज के खिलाफ जानलेवा हमला समेत कई अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया था। आरोप है कि हमलावर खुलेआम घूम रहे हैं और मुकदमे में सुलह-समझौता करने की धमकी दे रहे हैं।