जल्द बर्खास्त होंगे जिले
के दो परिषदीय शिक्षक
क्रासर
फर्जी अभिलेख पर नौकरी हथियाने के मामले में नोटिस जारी
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। परिषदीय विद्यालय में नौकरी कर रहे दो शिक्षकों की सेवा जल्द समाप्त हो जाएगी। इन शिक्षकों पर तमिलनाडु के तिरुवल्लूर विश्वविद्यालय के नाम पर जारी फर्जी डिग्री के आधार पर नौकरी हथियाने का आरोप है। बीएसए ने दोनों शिक्षकों को अंतिम नोटिस जारी कर 10 दिन में समुचित जवाब मांगा है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में दोनों शिक्षकों को सेवा समाप्ति का अल्टीमेटम दिया है।
तमलिनाडु के तिरुवल्लूर विश्वविद्यालय से बीएलएड की डिग्री के आधार पर जिले की तिलोई और जामों ब्लॉक में तैनात दो शिक्षकों की नौकरी पर संकट गहरा गया है। आरोप है कि दोनों ने जिस विश्वविद्यालय से बीएलएड की डिग्री हासिल की है वहां इस कोर्स का संचालन ही नहीं होता। मामले में शिकायतकर्ता दिवाकर विश्वकर्मा की ओर से बीएसए को उपलब्ध कराई गई आरटीआई से प्राप्त सूचना को आधार मानें तो राष्ट्रीय अध्यापक शिक्षा परिषद (एनसीटीई) ने स्वीकार किया है कि तिरुवल्लूर विश्वविद्यालय को बीएलएड पढ़ाने की मान्यता नहीं है। शिकायतकर्ता की ओर से सबूत उपलब्ध कराने के बाद बीएसए राजकुमार पंडित ने दोनों अध्यापकों को सेवा समाप्ति का अंतिम नोटिस जारी किया है। नोटिस में दोनों अध्यापकों से 10 दिन के अंदर समुचित लिखित जवाब मांगते हुए जवाब से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति मेें सेवा समाप्त करने का अल्टीमेटम दिया है।