कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक करते प्रभारी मंत्री। स्रोत-सूचना विभाग
सुल्तानपुर। जिले के प्रभारी एवं प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री गिरीशचंद्र यादव ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के सभी कार्यक्रम व्यवस्थित ढंग से कराने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि ‘कहानी बदलाव की’ कार्यक्रम के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र के लाभार्थियों के 100 वीडियो तैयार किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने विभागवार तैयारियों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में फल वितरण और रक्तदान शिविर होंगे। ‘सपनों का भारत’ के तहत चित्रकला, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
इसके अलावा ‘नमो सेवा गाथा’, ‘आंगन का उत्सव’, ‘कहानी बदलाव की’ और ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ समेत कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। ‘वडनगर से वाराणसी यात्रा’ के दौरान चार चौपाल भी लगाई जाएंगी। ‘सेवा मेरा योगदान’, ‘सरकार आपके द्वार’, ‘रंगोली राष्ट्र’ और ‘घर-घर से राष्ट्र’ कार्यक्रम भी होंगे।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल कार्यक्रम कराना नहीं, बल्कि जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों का प्रचार-प्रसार करना है। बैठक में डीएम इंद्रजीत सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी, विधायक सीताराम वर्मा, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह और एसपी विनीत जायसवाल समेत अधिकारी मौजूद रहे।