युवा वैज्ञानिक चित्रांशु खरे ने टेस्टोस्टेट थर्मामीटर का आविष्कार किया है। इस यंत्र के सहारे 15 किलोमीटर की रेंज में लगी आग की तत्काल पूर्व सूचना मिल सकेगी। यह भी पता चल जाएगा कि आग किस दिशा में और कितनी दूरी पर लगी है।
चित्रांशु की इस कामयाबी पर राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने उन्हें बधाई दी है। गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति उन्हें दिल्ली में सम्मानित करेंगे। भारतीय शोध संस्थान मुंबई में उन्हें जूनियर रिसर्च इंचार्ज बनाया गया है।
नौवीं कक्षा में अध्ययन के दौरान चित्रांशु ने विज्ञान मॉडल प्रतियोगिता में अपने टेस्टोस्टेट थर्मामीटर का प्रदर्शन किया था। निर्णायक मंडल ने मॉडल को अवलोकन के लिए भारतीय शोध संस्थान (नई दिल्ली) भेज दिया।
संस्थान के वैज्ञानिकों ने परीक्षण कर तीन वर्ष बाद नवंबर 2013 में पत्र भेज कर नए सिरे से मॉडल तैयार करने का निर्देश दिया।
चित्रांशु के मॉडल तैयार कर लेने के बावजूद उनके विद्यालय की ओर से इसे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में पेश नहीं किया जा सका।
संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. एस राकेश अवस्थी, डॉ. एमके पांडेय, डॉ. भवानीदीन पांडेय ने विद्यालय पहुंच कर मॉडल का परीक्षण किया।
गत माह 15 दिसंबर को वैज्ञानिक डॉ. भवानीदीन, डॉ. विनोद कुमार वर्मा, डॉ. सीएन वर्मा ने यहां आकर चित्रांशु का साक्षात्कार लिया।
इसके बाद वीडियो कांफ्रेसिंग के जरिए वैज्ञानिक डॉ. सीबी रमन ने भी उनका इंटरव्यू लिया। इसके बाद उन्हें इंडियन रिसर्च सेंटर (बांबे) का जूनियर रिसर्च इंचार्ज बना दिया गया।
अपने आविष्कार पर चित्रांशु को भारतीय शोध संस्थान ने राष्ट्रपति पुरस्कार के लिए जारी 10 युवा वैज्ञानिकों की सूची में शामिल किया है।
गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रपति उनको सम्मानित करेंगे। इस कामयाबी पर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने उन्हें बधाई दी है।
ओबामा, सचिन, मोदी, अखिलेश व अमिताभ ने भी दी बधाई
चित्रांशु खरे को इस अद्भुत आविष्कार पर अमेरिका के राष्ट्रपति बराक ओबामा समेत देश-विदेश की नामी-गिरामी हस्तियां बधाई संदेश और उपहार भेज रही हैं। उन्होंने बताया कि वह सिर्फ अपने देश के लिए ही काम करेंगे।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव उन्हें साइकिल और 80 हजार रुपये देकर सम्मानित किया। गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से भी उन्हें एक साइकिल मिली है।
महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने स्वहस्ताक्षरित बैट, सिने महानायक अमिताभ बच्चन ने पूरे परिवार को हाथ घड़ी और मोबाइल सेट, फिल्म निर्माता निर्देशक राकेश रोशन ने पेंटिंग्स सहित कृष 3 फिल्म की सीडी भेजी है।