यूपी में बाराबंकी के एक प्राथमिक विद्यालय में मिड-डे मील वितरण के दौरान रसोई में गए एक छात्र को सांप ने डस लिया।
शिक्षक और शिक्षामित्र की लापरवाही के चलते छात्र को समय से इलाज नहीं मिला, जिससे उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों ने सपेरे को बुलवाकर विद्यालय की रसोई से सांप को पकड़वाया।
घटना के बाद छात्र के परिजनों व ग्रामीणों में जबरदस्त आक्रोश है। ग्रामीणों ने विद्यालय के शिक्षक व शिक्षामित्र के अलावा ग्राम प्रधान और सफाईकर्मी पर भी लापरवाही का आरोप लगाया है।
ग्राम सराय पांडेय निवासी नवल किशोर का छह वर्षीय इकलौता पुत्र रवि गांव के समीप ही संचालित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा एक का छात्र था।
शनिवार को सुबह करीब साढे़ नौ बजे जब मिड-डे मील का वितरण हो रहा था तो वह विद्यालय की रसोई में गया। तभी वहां उसे सांप ने दाहिने पैर के अंगूठे में डस लिया।
अंगूठे से खून निकलने पर कक्षा चार में पढ़ रही उसकी बड़ी बहन अनामिका ने इसकी जानकारी शिक्षामित्र संजय कुमार को दी, जिसपर उन्होंने पानी से पैर धुलवाकर उसे कक्षा में बिठा दिया।
खून का बहना बंद नहीं हुआ तो अनामिका ने शिक्षामित्र से दोबारा कहा कि उसके भाई की तबीयत ठीक नहीं है, उसे छुट्टी दे दीजिए लेकिन शिक्षामित्र ने उसे इस बात पर डांटकर बैठा दिया।
इसी बीच रवि बेहोश होने लगा तो अनामिका उसे किसी तरह लेकर घर चली आई और सांप के काटने की जानकारी परिजनों को दी। आनन-फानन में परिजन उसे भिलवल स्थित एक निजी चिकित्सक के यहां ले गए जहां से उसे सीएचसी गोसाईगंज के लिए रेफर कर दिया गया। इस दौरान रास्ते में बच्चे की मौत हो गई।