भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बुधवार को राज्य की सपा सरकार पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि यूपी में जब कभी भी सपा, बसपा की सरकार बनती है, तो प्रदेश में गुंडई बढ़ जाती है।
बरेली के अनाजमंडी मैदान में आयोजित स्वाभिमान रैली में जुटी हजारों की भीड़ को सम्बोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह बातें कहीं।
राजनाथ ने कहा कि सूबे में कानून की स्थिति बदहाल हो गई है। सूबे में सपा और बसपा की सरकार बनने पर गुंडों की मौज हो जाती है।
राजनाथ ने कहा कि केंद्रीय जांच ब्यूरो के डर से सपा और बसपा केंद्र को समर्थन दे रहे हैं। सपा और बसपा को इस डर से बाहर निकलना होगा।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव वरुण गांधी ने भी स्वाभिमान रैली में विरोधियों पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह की जमकर तारीफ की और उनकी तुलना पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी से कर डाली।
वरुण ने कहा कि ईमानदार पार्टी और ईमानदार नेता ही यूपी की तस्वीर बदल सकता है। यूपी में मायावती और मुलायम के शासनकाल में सुव्यवस्थित तरीके से भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है।
अपने तीखे बोल की इमेज से इतर उन्होंने यूपी और केंद्र सरकार पर विकास के मुद्दों पर हमला बोला। उनकी योजनाओं पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने लैपटॉप और एंबुलेंस की जो योजनाएं चलाई हैं, उनसे गरीबों का भला नहीं होने वाला। जरूरत उनकी क्षमताओं के विकास की है, उन्हें रोजगार मुहैया कराने की है।
केंद्र सरकार की कर्जमाफी योजना को भी उन्होंने भ्रष्टाचार का एक जरिया बताते हुए कहा कि कैग रिपोर्ट में साबित हो चुका है कि योजना का लाभ सिर्फ बीस फीसद लोगों को ही हो सका। बाकी रकम भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गई।
ज्ञात हो कि वरुण गांधी को हाल में राजनाथ की नई टीम में राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया था, इसके बाद से ही ऐसे कयास लगाए जा रहे थे कि भाजपा यूपी में वरुण को एक मजबूत हथियार के तौर पर इस्तेमाल करने का रोडमैप तैयार कर चुकी है।