दिल्ली गैंगरेप की शिकार बिटिया के परिवार को फ्लैट मिलेगा। यह आश्वासन कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने दिया है। वह शनिवार को दिल्ली में बिटिया के परिजनों से मिली थीं।
बिटिया के भाई ने ‘अमर उजाला’ से फोन पर बातचीत में बताया सोनिया गांधी और राहुल गांधी से मुलाकात के बाद काफी राहत महसूस हो रही है। दिल्ली के द्वारिका क्षेत्र में फ्लैट देने के उनके आश्वासन से बड़ी समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
भाई ने कहा कि हमने सोनिया जी से गांव के विकास और छठे कथित नाबालिग आरोपी के लिए भी सजा-ए-मौत की मांग की। हमारी पढ़ाई-लिखाई में आने वाली मुश्किलों के बारे में राहुल गांधी ने विस्तार से पूछताछ की। कहा कि जो हुआ, वह बहुत दुखद है। बिटिया को वापस नहीं लाया जा सकता, लेकिन उसकी आत्मा की शांति के लिए हम हरसंभव परिवार को आगे बढ़ाने का काम करेंगे।
बिटिया के पिता ने कहा कि केंद्र सरकार ने हमारे पीड़ित परिवार को न केवल नजदीक से देखा, बल्कि हमारे दर्द को समझा है। छात्रा के पिता ने बताया कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी करीब एक घंटे तक हमारे घर रुके और हमारे घर को देखा। घर में रखीं किताबों को पढ़ा और बेटी के सपनों के बारे में चर्चा की।
बिटिया की मां से जहां सोनिया गांधी ने काफी देर तक बात की वहीं राहुल गांधी ने छात्रा के दोनों भाइयों की पढ़ाई और उनके भविष्य के सपने के बारे में जाना। बिटिया की मां ने सोनिया गांधी से छात्रा के बचपन से लेकर घटना के दिन तक की पूरी कहानी बयां कीं।