पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित रोजगार मेला में प्रमाण-पत्र के साथ युवा। संवाद
नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए रविवार को पटेल मेमोरियल इंटर कॉलेज में आयोजित रोजगार मेला उम्मीद की नई किरण लेकर आया। मेले में शामिल 32 कंपनियों ने साक्षात्कार और शैक्षिक योग्यता के आधार पर 543 अभ्यर्थियों का विभिन्न पदों पर चयन किया। करीब दो हजार युवक-युवतियों ने नौकरी के लिए पंजीकरण कराया था।
उत्तर प्रदेश सरकार की रोजगार मिशन योजना के तहत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय की ओर से आयोजित मेले में सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ जुटने लगी। मैन्युफैक्चरिंग, हेल्थ, इलेक्ट्रॉनिक्स, इलेक्ट्रिकल और मार्केटिंग समेत विभिन्न क्षेत्रों की कंपनियों ने युवाओं की योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति पत्र मिलने पर युवाओं के चेहरे खिल उठे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि भाजपा लालगंज जिलाध्यक्ष विनोद राजभर ने फीता काटकर किया। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कहा कि रोजगार मेले निजी क्षेत्र की कंपनियों और नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के बीच सेतु का काम करते हैं। इससे युवाओं को अपने क्षेत्र में ही रोजगार पाने का अवसर मिलता है। इस दौरान सहायक निदेशक सेवायोजन राममूर्ति, जिला सेवायोजन अधिकारी राहुल गोंड, अनुदेशक अवधेश कुमार, कॉलेज के प्रधानाचार्य अरुण कांत सिंह, कार्यक्रम संचालक एवं प्रवक्ता दिनेश सिंह, प्रवक्ता डॉ. शैलेश जायसवाल सहित सेवायोजन कार्यालय और विद्यालय के कर्मचारी मौजूद रहे।