सोनभद्र। दो दिन पूर्व मेडिकल कॉलेज में लावारिस हाल में भर्ती कराए गए छत्तीसगढ़ निवासी युवक की सोमवार की सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। अस्पताल मेमो के जरिए मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी में रखवा दिया गया। अस्पताल रिकॉर्ड में दर्ज उसके नाम-पते के आधार पर उसके परिजनों से संपर्क साधने की कोशिश की जा रही है।
बताया जा रहा है कि गत 14 नवंबर को अलसुबह साढ़े चार बजे एक युवक को मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भर्ती कराया गया था। जिस समय उसे भर्ती कराया गया था, वह अकेला था। उसके बताए नाम पते के आधार पर अस्पताल रिकॉर्ड में उसका नाम छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी सुशील (30) के रूप में दर्ज किया गया था। दो दिन तक तक उसका उपचार चलता रहा लेकिन कोई भी उसको जानने-पहचानने वाला मेडिकल कॉलेज नहीं पहुंचा। सोमवार की सुबह सवा आठ बजे उसकी मौत हो गई। इसके बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। रॉबर्ट्सगंज कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र कुमार सिंह के मुताबिक शव कब्जे में लेकर मॉर्च्यूरी हाउस में रखवा दिया गया है। अस्पताल रिकॉर्ड में नाम-पते के आधार पर उसके परिजनों-जानने वालों से संपर्क साधने का प्रयास जारी है। अब तक उसका कोई जानने-पहचाने वाला सामने नहीं आया है। उसके परिवार वालों-जानने वालों से संपर्क साधने के लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है।