सलखन/चोपन। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर बुधवार की रात सलखन में पेट्रोल पंप के पास बोलेरो और मैजिक में टक्कर हो गई। इसमें एक युवक की मौत हो गई। पांच लोग घायल हो गए। चोपन सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सलखन निवासी साहिल (22) बोलेरो लेकर बुधवार की देर शाम चोपन की ओर जा रहा था। सलखन पेट्रोल पंप के पास मैजिक से टक्कर हो गई। हादसे में मैजिक सवार पटवध के बसकटवा टोला निवासी विकास (28), उरमौरा निवासी प्रमोद उर्फ काका (55), रॉबर्ट्सगंज के धर्मशाला निवासी नंदूलाल सोनकर (53), अहरौरा के भागीपट्टी निवासी सुक्खू (45), सुरेश सोनकर और बोलेरो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें चोपन सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन से हटवाकर आवागमन बहाल कराया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने विकास को मृत घोषित कर दिया। विकास घर से रॉबर्ट्सगंज के एक निजी अस्पताल में भर्ती रिश्तेदार को देखने के लिए घर से निकला था। रॉबर्ट्सगंज आने के लिए वह अनपरा की तरफ से आ रही मैजिक में सवार हो गया था। दो वर्ष पहले उसकी शादी हुई थी। उसे एक वर्ष की बेटी है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। चोपन एसओ विजय कुमार चौरसिया ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।