रामपुर बरकोनिया थाना क्षेत्र के बैजनाथ गांव में शुक्रवार शाम बारिश के बीच ओलावृष्टि की चपेट में आने से एक महिला की मौत हो गई। काम से घर लौटते समय यह घटना हुई। इसी गांव की तीन अन्य महिलाएं भी लापता हैं। वह लकड़ी लाने जंगल में गई थीं। गड़वान से बैजनाथ संपर्क मार्ग पर रपटा का निर्माण हो रहा है। बैजनाथ गांव के दुसवानी टोला निवासी यशोदिया (55) पत्नी स्व. रघुवीर इसमें मजदूरी का कार्य कर रही थी। काम खत्म कर सभी मजदूर घर जाने लगे।
इसी दौरान अचानक बारिश के बीच ओलावृष्टि शुरू हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक करीब सौ से डेढ़ सौ ग्राम वजन वाले ओलों की चपेट में आने से यशोदिया की मौके पर ही मौत हो गई। बैजनाथ गांव की तीन महिलाएं लकड़ी लाने जंगल की ओर गई थीं। बारिश और ओलावृष्टि के बाद देर रात तक वह घर नहीं पहुंची थीं। इससे परिजन तरह-तरह की आशंका से सहमे हुए हैं। रामपुर बरकोनिया एसओ रामदरस राम ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिली है। परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
चोपन थाना क्षेत्र स्थित पतगढ़ी गांव में शुक्रवार को विवाहिता की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। उसका शव घर में बड़ेर के सहारे साड़ी के फंदे पर लटकता मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।चोपन थाना में राजेश उर्फ भोला ने तहरीर देकर अवगत कराया कि पत्नी सुनीता (28) घर के कच्चे मकान में लगे बडे़र में साड़ी के फंदे के सहारे लटककर आत्महत्या कर ली है।
सुबह दोनों बच्चों को खाना खिलाने के बाद कमरे में आराम करने चली गई। वह बकरी चराने मां के साथ पास के जंगल में चला गया। लौटा तो सुनीता फांसी के फंदे पर झूल रही थी। इसकी जानकारी गांव के लोगों ने ग्राम प्रधान व चोपन पुलिस को दी। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को अंत्यपरीक्षण के लिए भेज दिया।
शक्तिनगर सीमा से सटे मध्यप्रदेश के सिंगरौली में शुक्रवार दोपहर ट्रेलर के चपेट में आए सुपरवाइजर की मौत के बाद लोग उग्र हो गए और आगजनी पर उतारू हो गए। ग्रामीणों ने एक पेलोडर मशीन में आग लगा दिया। सिंगरौली के बरगवां थाना क्षेत्र के गोंदवाली में तेज रफ्तार कोल वाहन शुक्रवार की सुबह अनिंयत्रित होकर झोपड़ी में घुस गया। जिसमें गोंदवाली निवासी जितेन्द्र तिवारी (23) पुत्र गोरेलाल तिवारी की मौत हो गई। कोल वाहन का ब्रेक डाउन होने को दुर्घटना का कारण बताया जा रहा है।
गुस्साए ग्रामीणों ने घटनास्थल के पास खड़े पेलोडर को आग के हवाले कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान बरगवां व मोरवा थाना सहित अन्य थानों की पुलिस ने हालात को काबू में किया।एसडीएम चितरंगी व एसडीओपी मोरवा के आश्वासन पर आक्रोशित ग्रामीण शांत हुए। वहीं फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर पुलिस मामले की जांच शुरू कर दी है। युवक की मौत से छह वर्षीय मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया। दुर्घटना के बाद युवक की पत्नी बेहोश हो गई।