रेणुकूट। स्थानीय पुलिस चौकी क्षेत्र के मुर्धवा में मंगलवार की सुबह 35 वर्षीय एक अर्धविक्षिप्त अज्ञात युवक की बिजली का तार छूने के कारण झुलसने से मौत हो गई। घटना मुर्धवा क्षेत्र में वीमार्ट की पुलिया के समीप की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एक अर्ध विक्षिप्त युवक नगर में घूमता रहता था। इस दौरान वह घरों से मांगकर खाना खाता था। मंगलवार की सुबह वह अचानक पुलिया के बगल में खंभा से गिरे हुए बिजली तार के समीप पहुंच गया और उसे छूने लगा, टूटे हुए बिजली के तार में करंट प्रवाहित रहा था और वह उसकी चपेट में आ गया। इस दौरान किसी ने बिजली विभाग को सूचना दी तब जाकर बिजली कटी मगर तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही से युवक की जान चली गई। लोगों का कहना है कि पूर्व में टूटे हुए तार को विभाग के कर्मियों ने ऊपर से खोलकर हटा दिया होता तो युवक की जान नहीं जाती। तार टूटने के बावजूद उसे ऊपर से नहीं खोला गया, जिसे युवक ने जाकर छू लिया और जिंदा जल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में बिजली विभाग के एक्सईएन पिपरी शुभेंदु शाह का कहना है कि मृतक के परिवार वालों की तरफ से यदि आवेदन किया जाता है तो उन्हें पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। तार को हटा दिया गया है।