चोरी के आरोपी को पिकअप में बैठा लिया गया।
- फोटो : अमर उजाला
UP Crime News: सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज के बढ़ौली चौराहे पर बुधवार को एक युवक पर मोबाइल चोरी का आरोप लगाकर जमकर पिटाई की गई। पिकअप से आए दो लोगों ने उसका हाथ-पैर बांध दिया। सड़क पर उसे पीटते हुए घसीटा। बाद में उसे पिकअप के पीछे डालकर अपने साथ ले गए।
इस दौरान युवक गिड़गिड़ाता रहा, मगर उन पर कोई फर्क नहीं पड़ा। शर्मनाक बात यह रही कि चौराहे पर मौजूद पुलिस भी मूकदर्शक बनी रही। कुछ लोगों ने इसका वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
बताते हैं कि एक व्यक्ति का मोबाइल चोरी हो गया था। उसे ढूंढते हुए पिकअप सवार दो लोग बढ़ौली चाैराहे पर पहुंचे। वहां एक युवक को देखते ही उसे दबोच लिया। उसकी जमकर पिटाई की। फिर हाथ-पैर बांधकर सड़क पर घसीटा। पिकअप में डालकर अपने साथ ले गए। वह उसे चोर बताते रहे।
इस दौरान चौराहे पर बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। पिकेट पर तैनात पुलिसकर्मी भी मूकदर्शक बने रहे। बीच चौराहे पर हुई इस तरह की घटना से लोग सकते में थे। इस संबंध में कोतवाल सत्येंद्र राय ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। जानकारी लेकर कार्रवाई की जाएगी।