घोरावल। कोतवाली क्षेत्र के पठका गांव के पास सोमवार की रात हुई कार दुर्घटना में घायल युवक की मंगलवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं हादसे में घायल दो युवकों का उपचार जिला अस्पताल लोढ़ी में चल रहा है। ट्रॉमा सेंटर बीएचयू में मौत के बाद युवक के शव को उसके गांव ले जाया गया, जहां उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
जानकारी पर घोरावल कोतवाली क्षेत्र के कर्री बरांव निवासी प्रमोद यादव (33) पुत्र रामराज यादव कार लेकर सोमवार को किसी काम से शाहगंज गया था। कार को प्रमोद चला रहा था। उसके साथ गांव के ही संजय (30) पुत्र रामनरेश और सोनू (25) पुत्र धनंजय भी कार में सवार थे। सोमवार देर रात वापस घर लौटते समय कार अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तेज आवाज के साथ कार के परखच्चे उड़ गए।
कलेक्ट्रेट से ड्यूटी कर लौट रहे घोरावल कोतवाली क्षेत्र निवासी संतोष गुप्ता ने ग्रामीणों के सहयोग से संजय व सोनू को गाड़ी से बाहर निकाला, जबकि प्रमोद गाड़ी में फंसा था। काफी मशक्कत के बाद जेसीबी से गंभीर रूप से घायल प्रमोद को कार से बाहर निकाला गया उसके बाद तीनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया। हालत गंभीर होने पर प्रमोद यादव को बीएचयू ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया,जहां उपचार के दौरान मंगलवार रात उसकी मौत हो गई।