सोनभद्र जिले में एक युवक 132 केवी लाइन के 100 फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़ गया। इसी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। छह घंटे तक पुलिस उसका मान-मनौवल करती रही। जिसके बाद युवक किसी तरह नीचे उतरा।
सोनभद्र जिले के कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर 10 स्थित सब स्टेशन के करीब बुधवार की देर रात एक युवक हाईटेंशन तार के टावर पर चढ़ गया। करीब सौ फीट ऊंचे टॉवर पर चढ़े युवक को नीचे उतारने में पुलिस को छह घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। बाद में उसका शांतिभंग में चालान कर दिया गया। युवक नशेड़ी बताया जा रहा है। पहले भी वह ऐसी हरकत कर चुका है। इस दौरान इलाके की बिजली भी गुल रही।
विज्ञापन
यह है मामला
बुधवार की रात आठ बजे सेक्टर 10 उपकेंद्र के पास 132 केवी लाइन के लिए लगे टावर पर एक युवक चढ़ गया। सूचना मिलते ही पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। आनन-फानन मौके पर पहुंची पुलिस ने उपकेंद्र पर सूचना देकर बिजली चालू न करने को कहा। युवक करीब सौ फीट ऊंचे टावर के ऊपरी हिस्से तक पहुंच गया था। इस कारण उसे समझाने में काफी मुश्किलें होती रही।
बिजली गुल होने से अंधेरा के कारण भी दिक्कतें आईं। रात करीब साढ़े आठ बजे से युवक को समझाने का क्रम शुरू हुआ, जो रात दो बजे तक चलता रहा। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ जुटी रही। रात करीब दो बजे युवक नीचे उतरा तो पुलिस उसे पकड़कर थाने ले आई।
विज्ञापन
पुलिस के मुताबिक टावर पर चढ़ा युवक राजेंद्र उर्फ दउआ नशेड़ी है। करीब चार साल पहले भी राजेंद्र इस तरह से हाईटेंशन टावर पर चढ़ चुका है। कोतवाली प्रभारी देवीवर शुक्ला ने बताया कि शांतिभंग के आरोप में युवक का चालान कर दिया गया है।