शहर से लेकर गांव तक बिजली की हो रही अंधाधुंध कटौती से लोगों का पारा गरम होने लगा है। सोमवार को जिले को बिजली कटौती से मुक्त करने की मांग को लेकर भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन के कार्यकर्ताओं ने राबर्ट्सगंज स्थित बिजली विभाग के एक्सईएन के दफ्तर का घेराव किया।
उन्होंने बिजली विभाग पर बिजली कटौती करने का आरोप मढ़ा। चेतावनी देते हुए कहा कि दस दिन में मांग पूर्ण नहीं हुई तो संगठन बिजली विभाग के खिलाफ सड़क पर उतरेगा।
दोपहर करीब 12 बजे राबर्ट्सगंज के विभिन्न मार्गों से प्रदेश सचिव अभिषेक चौबे और जिलाध्यक्ष विवेक सिंह की अगुवाई में कार्यकर्ता जुलूस की शक्ल मेें बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बिजली विभाग दफ्तर पहुंचे।
यहां आयोजित सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जनपद सोनभद्र में सर्वाधिक बिजली का उत्पादन और सबसे ज्यादा राजस्व प्रदेश सरकार को जाता है।
इसके बावजूद जनपदवासियों को बिजली की समस्या से जूझना पड़ रहा है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। कहा कि शीघ्र विद्युत कटौती पर रोक लगाते हुए बिजली की लचर व्यवस्था में सुधार लाने की जरूरत है।
जिलाध्यक्ष विवेक सिंह, जिला उपाध्यक्ष राधेश्याम और जिला महामंत्री संदीप कुमार ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों की लापरवाही से जनपदवासियों को बिजली संकट से जूझना पड़ रहा है।
विद्युत कटौती से जनता परेशान है, इसे संगठन किसी सूरत में बर्दाश्त नही करेगा। जिला सचिव अभिनेष मौर्य, आकाश कुमार और राजीव बरनवाल ने कहा कि दस दिनों के भीतर जिले को बिजली कटौती से मुक्त नही किया गया तो सड़क पर उतर कर वृहद आंदोलन किया जाएगा।
इसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन और जिला प्रशासन की होगी। इस मौके पर सुमित तिवारी, अनुराग चौबे, सत्यम मिश्रा, मानसिंह, विशाल कुमार, आयुष, विनय पांडेय, आशिफ, दिलीप मौजूद रहे।