रेणुकूट हिंडाल्को सब जूनियर बालक हैंडबॉल टीम ने राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में कांस्य विजेता टीम।
रेणुकूट। सब जूनियर बालक राज्य स्तरीय हैंडबॉल चैंपियनशिप में विंध्याचल मंडल (हिंडाल्को) की सब जूनियर बालक हैंडबॉल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक हासिल किया है।
उत्तर प्रदेश खेल निदेशालय एवं उत्तर प्रदेश हैंडबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में यह प्रतियोगिता 21 से 24 नवंबर तक चली। कुल 18 मंडलों के साथ अमेठी स्पोर्ट्स हॉस्टल की टीम ने भी भाग लिया। प्रतियोगिता के लीग चरण में विंध्याचल मंडल (हिंडाल्को) की टीम अपने ग्रुप में शानदार फार्म में नजर आई। टीम ने आगरा, गोरखपुर, बरेली और झांसी जैसे मजबूत प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर अपने समूह में अव्वल स्थान प्राप्त किया। क्वार्टर फाइनल मुकाबले में हिंडाल्को की सब जूनियर बालक टीम का सामना आजमगढ़ से हुआ। निर्णायक क्षणों में हिंडाल्को के खिलाड़ियों ने मैच को अपने पक्ष में मोड़ दिया। हिंडाल्को टीम ने आजमगढ़ को 15–11 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल मुकाबले में विंध्याचल मंडल (हिंडाल्को) की टीम का सामना मजबूत अमेठी स्पोर्ट्स हॉस्टल से हुआ। पूरे मैच में हिंडाल्को के खिलाड़ियों ने संघर्षपूर्ण खेल दिखाया, लेकिन निर्णायक क्षणों में अमेठी की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए मैच अपने नाम कर लिया। सेमीफाइनल में मिली इस हार के बाद अंकों के आधार पर हिंडाल्को की टीम को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ और टीम ने कांस्य पदक अपने नाम किया। टीम के साथ बैजनाथ यादव, अमित कुमार, आदित्य आदि भी गए थे।