जिले की मतदाता सूची में पुरुषों के मुकाबले महिलाएं अधिक मजबूत हुई हैं। विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत सूची में कुल 12384 नाम शामिल हुए हैं। इसमें 6939 महिलाएं हैं, जबकि पुरुषों की संख्या 5445 है।
मतदाता सूची में इस बदलाव के साथ जेंडर रेशियो भी बढ़कर 887 से 890 हो गया है। युवाओं की संख्या भी बढ़ी है। मंगलवार को संशोधित मतदाता सूची प्रकाशित की गई। इसे सभी तहसीलों में आमजन के अवलोकन के लिए रखा गया है।
गत 29 अक्तूबर को प्रकाशित प्रारंभिक मतदाता सूची में कुल 1379587 मतदाता थे। इसमें 648614 महिलाएं और 730943 पुरुष मतदाता थे। थर्ड जेंडर मतदाताओं की संख्या 30 थी। इस सूची पर एक जनवरी 2025 को आधार मानकर मतदाता सूची का पुनरीक्षण कराया गया था।
नए नाम जोड़ने, काटने और संशोधन के लिए आवेदन लिए गए। आवेदनों के सत्यापन के बाद कुल 12384 नाम सूची में जोड़े गए हैं। जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों में कुल मतदाताओं की संख्या 1391971 हो गई है। इसमें 655553 महिलाएं और 736388 पुरुष हैं। सबसे ज्यादा महिलाओं ने नाम बढ़वाने में रुचि दिखाई है।
अभियान के दौरान 6939 महिलाओं के नाम सूची में शामिल किए गए। मतदाता सूची में 18-19 वर्ष की आयु वाले मतदाताओं की संख्या भी 10840 से बढ़कर 15544 हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने बताया कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद विधानसभा निर्वाचक नामावलियों का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया है। निर्वाचक नामावली का निरीक्षण निशुल्क किया जा सकता है।
जिले के विधानसभावार मतदाताओं की स्थिति::
विस क्षेत्र: पुरुष: महिला: अन्य
घोरावल: 206289: 183529: 06
रॉबर्ट्सगंज: 180152: 159160: 13
ओबरा: 170977: 151740: 02
दुद्धी: 178970: 161124: 09
कुल: 736388: 655553: 30