उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बभनगावां गांव में शनिवार को अंधविश्वास के चक्कर में एक व्यक्ति ने धारदार हथियार से एक महिला (45) पर हमला कर दिया। घायल अवस्था में महिला को पीएचसी तियरा ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया है। मृतका के भतीजे की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
किरहुलिया गांव निवासी महिला तेतरी (45) अपने भाई रामदुलारे मौर्या निवासी बभनगावां के घर गई थी। शनिवार को दोपहर करीब दो बजे वह गांव में एक व्यक्ति घर जाकर बैठी थी। उसी वक्त काफी दिनों से अंधविश्वास के चक्कर परेशान एक व्यक्ति तेतरी के पास आया और उस पर अंधविश्वास फैलाने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगा।
देखते ही देखते मामला बढ़ गया और आरोपी व्यक्ति ने धारदार हथियार से महिला पर हमला कर दिया। इसके बाद फरार हो गया। आनन-फानन में महिला को सीएचसी तियरा ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने महिला की हालत गंभीर देख उसे रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में डॉक्टर ने इलाज करने के बाद उसको बीएचयू वाराणसी के लिए रेफर कर दिया।
घरवाले उसको ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसने दम तोड़ दिया। पन्नूगंज थानाध्यक्ष भुवनेश्वर पांडेय का कहना है कि पोस्टमार्टम कराने की तैयारी की जा रही है। मृतका के भाई के लड़के अरविंद मौर्य ने आरोपी विजेंद्र के खिलाफ तहरीर दी है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।