सोनभद्र जिले के राबर्ट्सगंज के ब्रह्मनगर मोहल्ले में सोमवार की रात जन्मदिन की पार्टी मेें शामिल होने के बाद घर जाते समय हादसे में सरोज (36) की मौत हो गई। जानकारी होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला संयुक्त चिकित्सालय भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, सदर कोतवाली क्षेत्र के वैनी गांव निवासी सिद्धिनाथ ब्रह्मनगर निवासी एक व्यक्ति के मकान में किराए पर रहते हैं। सोमवार को सिद्धिनाथ की बेटी के जन्मदिन में शामिल होने उनकी बहन सरोज निवासी मरसड़ा, कोतवाली घोरावल भी आई थीं। रात करीब 12 बजे तक पार्टी चली।
इसके बाद सरोज को उसके पति राधेश्याम ऑटो से लेकर घर जाने के लिए रवाना हुए, लेकिन मंगलवार की सुबह जिस घर में पार्टी थी, उसी की बाउंड्री में सरोज का शव मिला। जानकारी मिलते ही कोतवाल अविनाश चंद्र सिंह, चौकी प्रभारी योगेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और परिवार के लोगों से पूछताछ कर शव पोस्टर्माटम के लिए भेज दिया।
उधर, जब परिवार के लोगों ने पड़ताल की तो पता चला कि घर जाते समय ओड़हथा में ऑटो पलटने से सरोज की मौत हो गई थी। घटना के बाद उसके पति ने शव यहां लाकर छोड़ दिया। कोतवाल का कहना है कि महिला के भाई हीरालाल ने प्रार्थनापत्र पर देकर अवगत कराया है कि इत्तफाक से यह घटना हुई है। इसमें किसी का दोष नहीं है। शव का पीएम करवा कर घरवालों को सुपुर्द कर दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा।