सोनभद्र। जन अधिकार पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल के कार्यकर्ताओं ने बृहस्पतिवार को राबर्ट्सगंज में चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा के समक्ष बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने किसान बिल को वापस करने की मांग उठाई।
जन अधिकार पार्टी के मंडल अध्यक्ष भागीरथी सिंह मौर्य, जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्य व राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार पटेल ने कहा कि दिल्ली में किसान आंदोलन भीषण ठंड, बारिश और कोहरे के बीच चल रहा है। सरकार किसानों की जायज मांगों पर विचार न कर किसानों के ऊपर पानी की बौछार करा रही है। उन पर्र लाठियां चलवा रही है। कहा कि सरकार यदि अब भी नहीं चेती तो आने वाले समय में यह किसान आंदोलन व्यापक रूप लेगा। नेताओं ने किसान बिल वापस लेने की मांग की। इस दौरान सभापति सिंह, रामनरायन प्रजापति, महिला जिलाध्यक्ष रानी सिंह, रविरंजन शक्य, वीरेंद्र मौर्य, लोकतांत्रिक जनता दल के जिलाध्यक्ष रामभरोसे सिंह, लोकदल के किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष जय प्रकाश सिंह, निर्मल मिश्रा, रामजी गुप्ता आदि मौजूद रहे।