रायपुर थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर गांव में शनिवार को दोपहर बाद टूटकर गिरे एलटी तार की चपेट में आने से चार बच्चे व एक अधेड़ झुलस गया। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी में भर्ती कराया, जहां से एक बालक को जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिय गया। सूचना पर विद्युत विभाग ने विद्युत आपूर्ति ठप कर दिया लेकिन टूटे तार की मरम्मत नहीं हो सकी थी।
रायपुर थाना क्षेत्र के दुल्लहपुर गांव में शनिवार दोपहर बाद करीब दो बजे एलटी तार टूट कर गिर गया। उसके गिरने के बावजूद बिजली प्रवाहित हो रही थी। उसी दौरान पास में ही खेल रहे चार बच्चे तार की चपेट में आ गए और करेंट से झुलस गए। इस दौरान एक अधेड़ भी झुलस गया। किसी के बच्चों को करेंट से झुलसता देख शोर मचाना शुरू किया तो भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर इकट्ठा हो गए और विद्युत निगम के कर्मचारियों को फोन कर तत्काल विद्युत आपूर्ति ठप कराया।
फिर करेंट से झुलसे रामबली (55) पुत्र राम बहल, चांदनी (19) पुत्री शिवमुनि, अर्चना (5) पुत्री शिवमुनी, कंचन (12) पुत्री शिवमुनि व चंद्रभान (8) पुत्र ढ़ेरी प्रसाद को ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र वैनी ले गए जहां सभी को भर्ती कर उपचार शुरू किया गया। इस दौरान चंद्रभान की हालत में सुधार न होता देख डॉक्टर ने उसे जिला अस्पताल के लिए रिफर कर दिया।