कोन। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत देवाटन में शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसे में दंपती की मौत हो गई। घर की पोताई के दौरान स्टैंड फैन को हटाते समय पत्नी करंट की चपेट में आ गई, उसे बचाने की कोशिश में पति भी चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
देवाटन गांव निवासी इद्रीश (32) पुत्र आलम और उसकी पत्नी नजबून खातून (28) मुहर्रम के तीजा की तैयारी में जुटे थे। इसके लिए घर की साफ सफाई कर रहे थे। शुक्रवार की सुबह 5 बजे घर की मिट्टी से पोताई करते समय नजबून पंखा हटाने लगी।
पंखे में करंट उतर रहा था। पैर गिला होने से वह करंट की चपेट में आ गई। उसकी चीख सुनकर पास में मौजूद पति उसे बचाने गया तो वह भी करंट के कारण चिपक गया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। मौत की खबर सुनते ही पूरे गांव में मातम छा गया। इद्रीस के तीन लड़कियां हैं। सबसे छोटी बेटी एक वर्ष की है। कोन पुलिस मौके पर पहुंचकर छानबीन में जुट गई है। एसओ गोपालजी गुप्ता ने बताया कि दंपती के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मां-पिता की मौत से बेखबर थे बच्चे
कोन। देवाटन गांव में करंट से दंपती की मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करने वाले इंद्रीस की गृहस्थी अभी कच्ची ही थी। परिवार में पत्नी और तीन बेटियां थीं। पति-पत्नी की मौत के बाद तीनों बेटियों की परवरिश की समस्या उत्पन्न हो गई है। सबसे छोटी बेटी एक वर्ष की ही है। उससे बड़ी की उम्र चार और तीसरी छह वर्ष की है। माता-पिता की मौत से तीनों बच्चे बेखबर हैं। वह उन्हें चारपाई पर लेटा देख बार-बार उनके करीब पहुंचकर जगाने की कोशिश कर रहे थे। परिजन उन्हें बहला-फुसलाकर दूर ले जाते रहे। मौके की स्थिति देख हर किसी की आंखें डबडबा गई थीं।